परियोजना पर पीडब्ल्यूडी 4.25 करोड़ रुपये खर्च करेगा
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने एनआईटी विधानसभा क्षेत्र की सड़कों की विशेष मरम्मत की योजना तैयार की है। इसके तहत पावटा लिंक रोड की मरम्मत जल्द शुरू की जाएगी। इससे यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को गड्ढों और खराब सड़क से राहत मिलने की उम्मीद है। इस परियोजना पर पीडब्ल्यूडी करीब 4.25 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इसके तहत लगभग दो किलोमीटर लंबी सड़क का सुधार किया जाएगा। सड़क की आधार परत को मजबूत करने, सीमेंट कंक्रीट (सीसी) पेवमेंट बनाने और जरूरत के अनुसार इंटरलॉकिंग टाइलें बिछाने का काम किया जाएगा। साथ ही, सड़क पर संकेतक लगाए जाएंगे और मार्किंग की जाएगी, जिससे वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
परियोजना के तहत सड़क की मजबूती बढ़ाने के लिए ग्रेन्युलर सब-बेस (जीएसबी), वाटर बाउंड मैकाडम (डब्ल्यूबीएम) और मिट्टी की भराई कर उसका उचित संघनन किया जाएगा। इससे सड़क की नींव मजबूत होगी और वाहनों की आवाजाही के दौरान सड़क की सतह जल्दी खराब होने की आशंका कम होगी। योजना में एम-40 ग्रेड के सीमेंट कंक्रीट पेवमेंट के नीचे ड्राई लीन कंक्रीट की परत बिछाई जाएगी। पुरानी बिटुमिनस सड़क की सतह की मिलिंग कर सामग्री का पुनर्चक्रण भी किया जाएगा। जरूरत के अनुसार कंक्रीट ब्लॉक पेवमेंट बनाया जाएगा और 80 मिलीमीटर मोटे इंटरलॉकिंग पेवर ब्लॉक बिछाए जाएंगे। पुराने ब्लॉकों को हटाकर दोबारा लगाने का काम भी किया जाएगा।
वाहन चालकों की सुविधा के लिए चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे
वाहन चालकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए दिशा सूचक, हैजर्ड मार्कर और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे। सड़क पर थर्मोप्लास्टिक पेंट से मार्किंग भी होगी। मरम्मत पूरी होने के बाद सड़क की स्थिति बेहतर होने और लोगों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है। पीडब्ल्यूडी विभाग के कार्यकारी अभियंता प्रकाश लाल ने बताया कि पावटा लिंक रोड की मरम्मत करने की योजना है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के बाद जल्द ही काम शुरू कर दिया जाएगा।