बल्लभगढ़/चंडीगढ़। बल्लभगढ़ में सभी सुविधाओं से लैस मॉडल बस टर्मिनल विकसित करने का रास्ता साफ हो गया है। करीब 21 एकड़ भूमि पर बनने वाले इस टर्मिनल में रिटेल, कॉमर्शियल और हॉस्पिटेलिटी जैसी तमाम सुविधाएं होंगी। टर्मिनल का निर्माण हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन करेगी, जो लगभग 2 साल में बनकर तैयार हो जाएगा।
परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने परिवनह विभाग व कॉरपोरेशन अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान इसकी सैद्धांतिक स्वीकृति दी। पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन जल्द ही इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करेगा। शर्मा ने कहा कि शहर की प्राइम लोकेशन पर बनने वाले इस बस टर्मिनल में केवल बसों का ही ठहराव नहीं होगा, बल्कि यह विभाग के लिए आय का महत्वपूर्ण जरिया भी बनेगा। इसमेंमॉल भी बनाया जाएगा, जहां आमजन की जरूरतों के हिसाब से सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। यहां बैंक्वेट हॉल, फूड कोर्ट और कपड़ों के शोरूम होंगे। कॉमर्शियल उद्देश्यों व बसों के लिए अलग-अलग रास्तों का प्रावधान होगा।
कुंभ मेले के लिए बसों का प्रबंध करें
मंत्री ने बताया कि जल्द ही विभाग के बेड़े में 800 बसें शामिल की जाएंगी। इनमें से 400 बसें मार्च तक आ जाएंगी, जबकि बाकी 400 बसें भी जल्द खरीद ली जएंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ मेले के लिए श्रद्धालुओं की जरूरत के हिसाब से बसों का प्रबंध करें। बैठक में परिवहन विभाग के प्रधान सचिव शत्रुजीत कपूर, महानिदेशक विरेंद्र सिंह दहिया, हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक आरसी मिश्रा, कॉर्पोरेशन के चीफ इंजीनियर संजय महाजन आदि मौजूद रहे।