संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीके अस्पताल में शुक्रवार को मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अस्पताल में चार ओपीडी कार्ड काउंटर बनाए गए हैं लेकिन कर्मचारियों की कमी के कारण शुक्रवार को दो काउंटरों को बंद रखा गया। इसी वजह से मरीजों को अपना कार्ड बनवाने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा। काउंटरों पर मरीजों की लंबी कतारें लग गईं और कहासुनी होने लगी। कहासुनी को देखते हुए कर्मचारियों ने उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। इसको लेकर कर्मचारियों की ओर से पीएमओ को शिकायत दी गई।
इलाज के लिए आई बुजुर्ग सविता ने बताया कि एक घंटे लाइन में खड़े होने के बाद कार्ड बना है। पहले अगल से काउंटर था लेकिन शुक्रवार को काउंटर बंद होने की वजह से परेशानी हुई। डबुआ कॉलोनी निवासी रेखा ने बताया कि इतनी गर्मी में छोटे बच्चों को लेकर घंटों लाइन में खड़ा होने के बाद कार्ड बना। पीएमओ डॉ. विकास गोयल का कहना है कि उनको इस बारे में जब सूचना मिली तो और कर्मचारियों को ड्यूटी पर लगाया गया। आगे से सभी काउंटर खुलेंगे।