कमरा नंबर छह के बाहर जमकर की धक्का-मुक्की
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीके अस्पताल में प्रतिदिन सामान्य रोगों के मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। ओपीडी की स्थिति यह है कि अपनी बारी के लिए लोग आपस में भिड़ रहे हैं। बुधवार को बीके अस्पताल की ओपीडी में कमरा नंबर-छह के बाहर मरीजों ने जमकर धक्का-मुक्की की।
गोच्छी से इलाज के लिए बीके अस्पताल पहुंची सोनी और बदरपुर बॉर्डर से बेटे के इलाज के लिए पहुंचे संजय आपस में झगड़ गए। संजय का आरोप है कि सोनी व उनके साथ आए युवक बिना लाइन के डॉक्टर के कक्ष में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे, जिस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। धीरे-धीरे यह जुबानी जंग हाथापाई में बदल गई। अस्पताल में मरीज आपस में न उलझे और सभी अपने नंबर पर डॉक्टर कक्ष में प्रवेश कर सकें। इसके लिए सुरक्षाकर्मी मौजूद रहते हैं। बुधवार को वहां कोई सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं था, इसलिए लोग आपस में ज्यादा उलझे।