65.27 लाख रुपये से लगेंगी दो बेड लिफ्ट और एक डम्बवेटर लिफ्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीके अस्पताल में मरीजों को एक मंजिल से दूसरी मंजिल तक पहुंचने के लिए अब लिफ्ट के सामने लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। गंभीर मरीजों और स्ट्रेचर पर लाए जाने वाले लोगों की परेशानी दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल की दो बेड लिफ्ट और एक डम्बवेटर लिफ्ट बदलने की योजना बनाई है।
इसके लिए 65.27 लाख रुपये का टेंडर आमंत्रित किया गया है। नई लिफ्ट लगने से अस्पताल में मरीजों की आवाजाही आसान होने और मौजूदा व्यवस्था पर दबाव कम होने की उम्मीद है। बीके अस्पताल में रोजाना दो हजार से अधिक मरीज और तीमारदार पहुंचते हैं। इसके बावजूद अस्पताल में फिलहाल केवल एक लिफ्ट चालू हालत में है। बाकी दोनों लिफ्ट पिछले 10 साल से अधिक समय से खराब पड़ी हैं। ऐसे में चालू लिफ्ट पर मरीजों, डॉक्टरों, कर्मचारियों और तीमारदारों का दबाव रहता है। अधिक इस्तेमाल के कारण यह लिफ्ट भी आए दिन खराब हो जाती है। ऐसी स्थिति में मरीजों को रैंप या सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ता है।
सबसे अधिक परेशानी उन मरीजों को होती है, जिन्हें स्ट्रेचर या बेड पर एक मंजिल से दूसरी मंजिल तक ले जाना पड़ता है। लिफ्ट उपलब्ध नहीं होने पर तीमारदारों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार मरीजों को उठाकर ले जाने की नौबत भी आ जाती है। अस्पताल में लिफ्ट की कमी दूर करने की मांग लंबे समय से की जा रही थी।
गंभीर मरीजों को मिलेगी प्राथमिक सुविधा
योजना के तहत दो बेड लिफ्ट लगाई जाएंगी। इनका उपयोग गंभीर मरीजों और स्ट्रेचर या बेड पर लाए जाने वाले लोगों को अस्पताल की अलग-अलग मंजिलों तक पहुंचाने में होगा। वहीं, डम्बवेटर लिफ्ट के माध्यम से सामान और आवश्यक सामग्री को एक स्थान से दूसरी जगह पहुंचाया जा सकेगा। इससे मरीजों को ले जाने वाली लिफ्ट पर अनावश्यक दबाव कम करने में मदद मिल सकती है।
मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने के उद्देश्य से दो बेड लिफ्ट और एक डम्बवेटर लिफ्ट लगाने का निर्णय लिया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने टेंडर आमंत्रित कर दिए हैं।
- डॉ. जयंत आहूजा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी