पार्किंग निर्माण के चलते सड़क पर खड़े हो रहे निजी वाहन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। रेलवे स्टेशन से बाहर निकलते ही यात्रियों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशन परिसर में पार्किंग का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके चलते निजी वाहन व ऑटो सड़क किनारे खड़े किए जा रहे हैं। वाहनों के सड़क पर खड़े होने से रास्ते में वाहनों की आवाजाही के लिए कम जगह बच रही है। रेलवे स्टेशन के सामने रोड पहले से ही एक लेन है, जिससे सुबह और शाम व्यस्त समय में वाहनों का दबाव बढ़ने पर यहां जाम की स्थिति ज्यादा गंभीर हो जाती है।
ट्रेन आने-जाने के समय स्टेशन के बाहर वाहनों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऑटो, ई-रिक्शा, कार और दोपहिया वाहनों के साथ निजी वाहनों की भीड़ होने से यातायात प्रभावित होता है।
यात्री संजीव ने बताया कि स्टेशन से पैदल बाहर निकलने वाले यात्रियों के लिए भी सड़क पर खड़े वाहनों के कारण परेशानी बढ़ रही है। वहीं, यात्री सुभाष ने बताया कि पार्किंग का निर्माण पूरा होने तक स्टेशन के बाहर यातायात व्यवस्था को सुचारु रखना जरूरी है, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।