त्योहारों को लेकर बढ़ाई गई सुरक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। त्योहारों को लेकर ओल्ड फरीदाबाद और न्यू टाउन रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। रविवार को भी जीआरपी और आरपीएफ के जवानाें ने कई यात्रियों के सामान की तलाशी ली गई।
त्योहारों पर दूसरे राज्यों के लोग घर वापसी कर रहे हैं। जिसके चलते स्टेशनों पर भीड़ बढ़ रही है। ऐसे मौकों पर आपराधिक तत्व घटनाओं को अंजाम देने की तलाश में रहते हैं। यही कारण है कि प्रत्येक सप्ताह में एक बार डॉग दल से भी जांच कराई जा रही है। जिसकी अगुवाई शेरा नाम का डॉग कर रहा है। जिसे इस काम में महारथ हासिल है।
जीआरपी के एसएचओ राजपाल का कहना है कि सुरक्षा को चाक-चौबंध करना शुरू कर दिया गया है। जिससे किसी तरह की भी कोई आशंका ना रहे। प्रतिदिन स्टेशनों पर जीआरपी और आरपीएफ के पुलिस कर्मियों ने पैनी नजर रखी हुई है। प्रतिदिन लोगों के सामानों की भी जांच की जा रही है।
बिना टिकट यात्रा कर रहे 30 लोग पकड़े
नई दिल्ली के मंडल हेडक्वार्टर के आदेश पर पलवल रेलवे स्टेशन पर फरीदाबाद के वाणिज्यिक प्रबंधन निरीक्षक (सीएमआई) की देख-रेख में चेकिंग की गई। इनमें 30 यात्रियों को बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़ा गया। जिनसे कुल मिलाकर 7960 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए। इसके अलावा तीन मामले यात्रियों के साथ मौजूद भारी सामान को लेकर भी रहे। जिन्होंने बिना अपने सामान का टिकट लिए तय भार से ज्यादा वजन लेकर ट्रेन में यात्रा की। इनसे कुल मिलाकर 1500 रुपये वसूले गए। इस प्रकार चेकिंग के दौरान कुल 9460 रुपये रेलवे अधिकारियों ने बिना टिकट यात्रा कर रहे यात्रियों से वसूले।