बाजारों में खाली जगह पर बनाई जाएंगी पार्किंग
जाम की समस्या से मिलेगी निजात, यातायात पुलिस और निगम साथ मिलकर जल्द शुरू करेंगे काम
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर के मुख्य बाजारों में जाम की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। यातायात पुलिस और नगर निगम की ओर से जल्द बाजारों में खाली पड़ी जगहों जैसे की मैदान आदि पर पार्किंग की व्यवस्था शुरू की जाएगी। इससे जहां लोगों को सड़कों पर जहां-तहां वाहनों को खड़ा करने से निजात मिलेगी। वहीं, वाहन चोरी की घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा।
स्मार्ट सिटी फरीदाबाद में 15 से अधिक बड़े बाजार है, लेकिन कहीं भी वैध पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। जिस कारण पार्किंग माफिया सड़क पर अवैध रूप से लोगों की गाड़ियां पार्क करवा कर से उनसे पैसा वसूलते हैं। यदि सेक्टर-15 और 16 मार्केट की बात की जाए तो दोनों ही शहर के पॉश बाजारों में शामिल हैं। यहां रोजाना सैकड़ों लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। इसी प्रकार एनआईटी एक नंबर, ओल्ड फरीदाबाद, सराय ख्वाजा, सेक्टर-7, 3, 21 के बाजारों में काफी संख्या में लोग आते हैं। बाजारों में उचित पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़कों के किनारे कई गाड़ियां खड़ी की जाती है। यही हाल मुख्य बाजारों और भीड़ वाले इलाकों का है। इस कारण खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को बहुत दिक्कत झेलनी पड़ती है। इससे सुबह-शाम जाम की स्थिति रहती है, जिसे देखते हुए यातायात पुलिस की मांग पर नगर निगम ने बाजारों में खाली पड़ी जगहों जैसे की मैदान आदि पर पार्किंग बनाने की तैयारी शुरू की है।
पुलिस को जाम खुलवाने के लिए करनी पड़ती है मशक्कत
बाजार में पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग सड़कों के किनारे वाहन खड़े कर देते हैं। इससे मुख्य सड़कों पर जाम लग जाता है। यही स्थिति मंगलवार को एनआईटी एक नंबर, पांच नंबर, ओल्ड फरीदाबाद के बाजार को जोड़ने वाली सड़कों पर देखने को मिली। हालांकि, मौके पर पुलिस कर्मी तैनात थे, लेकिन जाम खुलवाने के लिए उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ी। जाम खुलवाने के कुछ देर बाद फिर वही स्थिति हो गई।
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री भी जाम को लेकर जता चुके हैं नाराजगी
शहर में पार्किंग की समस्या को लेकर शहरी स्थानीय निकाय मंत्री भी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। उन्होंने करीब दो वर्ष पहले नगर निगम अधिकारियों को फटकार लगाते हुए मुख्य बाजारों के आसपास पार्किंग की मार्किंग करने के आदेश दिए थे, जिससे लोग अपने वाहनों को वहां पर खड़ा कर सके। हालांकि, निगम ने मंत्री के आदेश को ही ठंडे बस्ते में डाल दिया था। अब एक बार फिर योजना पर काम शुरू किया गया है।
शहर में जाम की समस्या काफी ज्यादा है। लोगों को पार्किंग की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर निगम के साथ मिलकर काम किया जा रहा है। मुख्य बाजारों में खाली पड़ी जगहों जैसे की मैदान आदि को पार्किंग के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। इस पर जल्द काम शुरू किया जाएगा। -ऊषा, डीसीपी ट्रैफिक