आठ महीने से अधूरी पड़ी पार्किंग व्यवस्था, शेड के नीचे भी खड़े हो रहे वाहन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीके नागरिक अस्पताल में पार्किंग व्यवस्था की बदहाली मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। अस्पताल की ओपीडी के सामने और मरीजों की सुविधा के लिए हाल ही में बनाए गए शेड के नीचे भी लोग दोपहिया और चारपहिया वाहन खड़े कर देते हैं। इससे मरीजों, बुजुर्गों और व्हीलचेयर पर आने वाले लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जिले के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में प्रतिदिन हजारों मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। अस्पताल प्रशासन ने मरीजों और उनके परिजनों को धूप और बारिश से बचाने के लिए ओपीडी के बाहर शेड का निर्माण कराया था, लेकिन यह स्थान अब अस्थायी पार्किंग में तब्दील होता जा रहा है। कई लोग शेड के नीचे वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे पैदल आने-जाने वालों के लिए रास्ता संकरा हो जाता है।
मरीजों का कहना है कि अस्पताल परिसर में पार्किंग के लिए निर्धारित स्थान होने के बावजूद लोग सुविधा के लिए ओपीडी के सामने ही वाहन खड़ा कर देते हैं। इससे कई बार व्हीलचेयर और स्ट्रेचर निकालने में भी परेशानी होती है। आपात स्थिति में मरीजों को ले जाने में भी देरी हो सकती है।
पार्किंग का काम अधूरा
अस्पताल परिसर में पार्किंग विकसित करने का कार्य करीब आठ महीने से अधूरा पड़ा है। पार्किंग निर्माण के लिए परिसर से 50 से अधिक पेड़ों को काटा गया था। हालांकि, इंटरलॉकिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है, लेकिन अब तक पार्किंग स्थल के चारों ओर रेलिंग या हाता नहीं बनाया गया है। इसके कारण वाहन चालक अपनी सुविधा के अनुसार कहीं भी वाहन खड़े कर देते हैं। अधूरी पार्किंग व्यवस्था का खामियाजा मरीजों और तीमारदारों को भुगतना पड़ रहा है।
ऑटो चालक अंदर से बैठाते हैं सवारियां
अस्पताल परिसर में ऑटो चालकों की मनमानी भी मरीजों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। कई ऑटो चालक अस्पताल के अंदर तक पहुंचकर सवारियां बैठाते हैं। इससे ओपीडी और मुख्य मार्गों पर भीड़ बढ़ जाती है और मरीजों को आने-जाने में दिक्कत होती है।मरीजों ने बताई परेशानी
ओपीडी के सामने खड़े वाहनों के कारण व्हीलचेयर निकालने में काफी परेशानी हुई। प्रशासन को इस पर सख्ती करनी चाहिए।-राजित, सेक्टर-23
मरीजों के लिए बने शेड के नीचे वाहन खड़े होने से बुजुर्गों और मरीजों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रही है।-सुनीता देवी, डबुआ
अस्पताल में पार्किंग व्यवस्था ठीक नहीं है। लोग कहीं भी वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे जाम जैसी स्थिति बन जाती है।-राजेश कुमार, एनआईटी
स्ट्रेचर पर मरीज को ले जाते समय रास्ते में खड़े वाहन बड़ी परेशानी बनते हैं और मरीज को ले जाने में देरी होती है।-कमलेश देवी, पल्ला
अस्पताल में निर्माण कार्य प्रगति पर है। शेड का काम लगभग खत्म है। बारिश को देखते हुए गति से कार्य कराया जा रहा है। जल्द ही पार्किंग का कार्य पूरा हो जाएगा।-डॉ. एमपी सिंह, उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी