बिल्डर के खिलाफ किया प्रदर्शन, पार्किंग की कमी और हरित क्षेत्र नहीं मिलने पर भी जताई नाराजगी
डीटीपी के स्वीकृत लेआउट प्लान के पालन की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-76 स्थित पार्क फ्लोर्स-2 सोसाइटी निवासियों ने शनिवार को बिल्डर बीपीटीपी लिमिटेड के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। निवासियों ने कॉमन एरिया रखरखाव (सीएएम) शुल्क में बढ़ोतरी, पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने और वादे के अनुसार हरित क्षेत्र उपलब्ध नहीं कराने पर नाराजगी जताई।
सोसाइटी निवासियों का कहना है कि घर खरीदते समय जिन सुविधाओं का आश्वासन दिया गया था, वे अब तक पूरी तरह उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। निवासियों ने बिल्डर से रखरखाव शुल्क का पूरा हिसाब देने और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने की मांग की।
सोसाइटी निवासी सुमित, अनु, राजेश और प्रदीप ने बताया कि बीपीटीपी प्रबंधन ने आरडब्ल्यूए से पूर्व परामर्श किए बिना सीएएम शुल्क बढ़ा दिया। उन्होंने शुल्क वृद्धि के आधार और रखरखाव पर होने वाले खर्चों की पारदर्शिता पर सवाल उठाए। सोसाइटी वासियों का कहना है कि खर्चों के विवरण में बिल्डर के प्रबंधन कर्मचारियों के वेतन को भी शामिल किया गया है। उन्होंने मांग की कि कंपनी प्रत्येक मद पर होने वाले खर्च का विस्तृत ब्योरा उपलब्ध कराए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि रखरखाव शुल्क किस आधार पर निर्धारित किया गया है।
पार्किंग और हरित क्षेत्र की कमी से परेशानी
प्रदर्शनकारियों ने पर्याप्त पार्किंग सुविधा नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि घर खरीदते समय पार्किंग व्यवस्था को लेकर आश्वासन दिए गए थे, लेकिन मौजूदा स्थिति में निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा, निवासियों ने दावा किया कि हरियाणा नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग (डीटीसीपी) के स्वीकृत लेआउट प्लान में दर्शाया गया 15 प्रतिशत हरित क्षेत्र भी उपलब्ध नहीं कराया गया है। इससे सोसाइटी में खुले स्थान और हरियाली को लेकर चिंता बनी हुई है।
कई बैठक होने के बाद भी समाधान नहीं
निवासियों ने ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट (ओसी) से जुड़ी शर्तों के पालन पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि बिल्डर प्रतिनिधियों के साथ कई बार बैठकें करने के बावजूद समस्याओं का संतोषजनक समाधान नहीं हुआ है। निवासियों ने संबंधित सरकारी अधिकारियों से मामले की जांच कर स्वीकृत लेआउट प्लान और लागू नियमों के पालन की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। सोसाइटी निवासियों ने कहा कि सीएएम शुल्क की समीक्षा, खर्चों का सत्यापन योग्य विवरण, पर्याप्त पार्किंग और हरित क्षेत्र उपलब्ध कराने की मांग पूरी होने तक वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने ग्रेटर फरीदाबाद की अन्य सोसाइटियों के निवासियों को भी बुनियादी सुविधाओं और पारदर्शिता से जुड़े मुद्दों पर एकजुट होने की अपील की।