सभी प्राथमिक स्कूलों में आज किया जाएगा मेगा पीटीएम का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में सोमवार से ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू होने जा रहा है। इससे पहले शनिवार को सभी प्राथमिक स्कूलों में मेगा पीटीएम का आयोजन किया जाएगा। इस बार पीटीएम में सवाल-जवाब कार्यक्रम होगा। जिसके माध्यम से अभिभावक अपने बच्चों को समझ सकेंगे।
इसके अलावा पीटीएम के दौरान अभिभावकों को ग्रीष्मकालीन अवकाश में दिए जाने वाले गृहकार्य, कक्षा-वार गतिविधियों और उनके क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। शिक्षकों का उद्देश्य बच्चों को किताबों से बाहर निकालकर गतिविधि आधारित सीखने से जोड़ना है, ताकि वे वास्तविक अनुभवों के माध्यम से नई चीजें समझ सकें। इन गतिविधियों को पूरा करने में परिवार की भागीदारी अनिवार्य रखी गई है। विद्यालयों में बच्चों द्वारा बनाए गए पोस्टर, मदर्स डे कार्ड और कक्षा तत्परता कार्यक्रम के तहत तैयार रचनात्मक कार्यों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। यह न केवल बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाएगा, बल्कि अभिभावकों को उनके हुनर से भी रूबरू कराएगा।
पीटीएम के दौरान एक रोचक गतिविधि भी करवाई जाएगी, जिसमें बच्चों और अभिभावकों से उनकी पसंद-नापसंद से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। इसके बाद दोनों के उत्तरों का मिलान किया जाएगा, जिससे अभिभावकों को अपने बच्चों को बेहतर समझने का मौका मिलेगा।
इसके अलावा, निपुण योजना के अधिगम लक्ष्यों के आधार पर गतिविधियां करवाई जाएंगी और स्किल पासबुक में दर्ज प्रगति अभिभावकों के साथ साझा की जाएगी। शिक्षकों द्वारा अभिभावकों को अवकाश के दौरान बच्चों की दक्षताओं को और निखारने के लिए प्रेरित किया जाएगा।