एफएफआरसी ने नहीं कराया निजी स्कूलों का ऑडिट, अभिभावक मंच ने उठाए सवाल
- आरटीआई में हुआ खुलासा, मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को पत्र भेजकर उच्चस्तरीय जांच की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। निजी स्कूलों की फीस और फंड की निगरानी करने वाली फीस एंड फंड्स रेगुलेटरी कमेटी (एफएफआरसी) ने अब तक किसी भी निजी स्कूल का ऑडिट नहीं कराया है। आरटीआई से मिली जानकारी में इसका खुलासा हुआ है। जबकि सरकार ने कमेटी के चेयरमैन को प्रत्येक श्रेणी के कम से कम पांच प्रतिशत स्कूलों के खातों की जांच कराने का अधिकार दिया है। हरियाणा अभिभावक एकता मंच ने मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री और मुख्य सचिव को पत्र भेजकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
मंच के प्रदेश महासचिव कैलाश शर्मा और जिला महासचिव एडवोकेट बीएस बिरदी ने बताया कि आरटीआई के जवाब में राज्य जन सूचना अधिकारी ने किसी भी निजी स्कूल का ऑडिट नहीं होने की जानकारी दी है। मंच का आरोप है कि ऑडिट के लिए नियुक्त चार्टर्ड अकाउंटेंट को सरकारी खजाने से मानदेय दिया जा रहा है, लेकिन उनसे काम नहीं कराया गया। मंच के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट ओपी शर्मा और जिला अध्यक्ष एडवोकेट शिवकुमार जोशी ने बताया कि नियमों के तहत एफएफआरसी चेयरमैन को शिकायतों और लॉटरी से चयनित पांच प्रतिशत स्कूलों के खातों की जांच का अधिकार है। इसके लिए 18 फरवरी 2019 को अनुभवी सीए नियुक्त किया गया था। मंच ने कमेटी की कार्यशैली की जांच और जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।