ऊंचाई अधिक होने के कारण बिजली के ताराें से टकरा जाते हैं वाहन
संवाद न्यूज एजेंसी
छांयसा। पृथला क्षेत्र के जवा गांव में इन दिनों तूड़ी से भरे ओवरलोड ट्रकों के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव की सड़कों से लगातार गुजर रहे इन ट्रकों की वजह से आए दिन जाम की स्थिति बन रही है, जिससे राहगीरों और ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि तूड़ी से लदे ये ट्रक क्षमता से अधिक भरे होते हैं, जिसके कारण उनकी ऊंचाई काफी बढ़ जाती है। ऐसे में गांव के अंदर से गुजरते समय ये ट्रक कई बार बिजली के तारों से टकरा जाते हैं, जिससे बिजली की लाइनें टूटने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। इससे न केवल बिजली आपूर्ति बाधित होती है बल्कि हादसे का खतरा भी बना रहता है।
गांव के निवासी ओमपाल ने बताया कि ये ओवरलोड ट्रक पास के ईंट भट्टों तक तूड़ी लेकर जाते हैं, जहां इसका इस्तेमाल ईंट बनाने की प्रक्रिया में किया जाता है। लेकिन इन ट्रकों का गांव के अंदर से गुजरना ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। उन्होंने बताया कि कई बार ट्रकों के कारण बिजली के तार क्षतिग्रस्त हो जाते हैं और इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को इस समस्या पर तुरंत ध्यान देना चाहिए। गांव के लोगों ने मांग की है कि ओवरलोड ट्रकों की आवाजाही पर रोक लगाई जाए या फिर इनके लिए अलग रास्ता निर्धारित किया जाए, ताकि गांव में जाम और हादसों के खतरे से राहत मिल सके।