आयकर विभाग की रेड चौथे दिन भी जारी रही
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। रियल एस्टेट कंपनियों, इनके पार्टनरों के निजी स्कूलों, कंपनियों व ऑफिसों पर बुधवार से शुरू हुई आयकर विभाग की रेड की कार्रवाई चौथे दिन भी जारी रही। ये रेड फरीदाबाद के अलावा पलवल, सोहना, नूंह, गाजियाबाद, नोएडा में 30 ठिकानों पर चली। चौथे दिन यानि शनिवार शाम होते-होते 5 लोकेशन पर रेड चल रही है। वहीं बाकी 25 लोकेशन पर रेड की कार्रवाई पूरी हो चुकी है।
आयकर विभाग के आधिकारिक सूत्रों की मानें तो अब तक लगभग 5 करोड़ रुपये से अधिक नकद, काफी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, दस्तावेज जब्त किए गए हैं। सभी ठिकानों से जब्त हुए सामान को बक्सों में भरकर सील कर आयकर विभाग की टीम ले गई हैं। इसके साथ ही मोबाइल, लैपटॉप व कंप्यूटर से डेटा भी कॉपी किया गया है ताकि उसकी जांच की जा सके। चौथे दिन शनिवार देर शाम तक टीमें ने 120 से अधिक लोगों के बयान दर्ज करने की कार्रवाई की गई है।
अधिकारियों की मानें तो कई बैंक खातों में अवैध लेनदेन का पता चला है। अधिकारियों के अनुसार, बड़ी मात्रा में संदिग्ध ट्रांजेक्शन सामने आने के बाद संबंधित खातों को फ्रीज कर आगे की जांच तेज कर दी गई है। आयकर विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान कई ऐसे लेनदेन सामने आए हैं, जिनका कोई स्पष्ट स्रोत पूछताछ में ये लोग नहीं बता सके हैं। रियल एस्टेट कंपनियों का पैसा स्कूलों व अन्य कंपनियों के जरिये भी घुमाया गया है।
आयकर विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि जब्त किए गए डेटा की जांच के बाद संबंधित व्यक्तियों और संस्थानों के खिलाफ भारी जुर्माना, बकाया कर वसूली और कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।