सुबह की सैर के दौरान सिद्धार्थ आश्रम रोड पर हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सिद्धार्थ आश्रम रोड पर रविवार की सुबह सैर पर निकले तीन ग्रामीणों को तेज रफ्तार और बेकाबू थार के चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक गाड़ी समेत मौके से भाग निकला।
मेवला महाराजपुर निवासी देशपाल (53) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गांव में ही गाय-भैंस पालन का काम करते हैं। रविवार सुबह करीब 5:40 बजे वह गांव के ही विनोद उर्फ बिल्लू के साथ टहलने के लिए गांव से सिद्धार्थ आश्रम रोड की तरफ निकले थे। जब दोनों वेल्डिंग चौक से थोड़ा आगे पहुंचे, तो सामने से उनके गांव के ही बुजुर्ग तिलक राज भी सुबह की सैर करते हुए आते दिखे। तीनों सड़क के किनारे खड़े होकर आपस में बातचीत करने लगे थे।
देशपाल ने बताया कि बातचीत के दौरान ही सिद्धार्थ आश्रम रोड की तरफ से आई थार गाड़ी ने तीनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि 60 साल के तिलक राज बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़े, जबकि विनोद के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं। देशपाल को भी मामूली चोट लगी। ग्रामीण तुरंत दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तिलक राज को मृत घोषित कर दिया। वहीं विनोद का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि देशपाल के बयानों और घायलों की एमएलआर रिपोर्ट के आधार पर सूरजकुंड थाने में अज्ञात थार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।