संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सराय ख्वाजा स्थित गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सोमवार को हमारा विद्यालय , हमारा स्वाभिमान संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व विद्यालय के प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचंदा ने किया।
आयोजन के दौरान सभी छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया। इस संकल्प में विद्यालय को स्वच्छ, अनुशासित और प्रेरणादायी वातावरण बनाने के साथ ही शिक्षा को केवल ज्ञान का माध्यम न मानकर चरित्र निर्माण, आत्मविश्वास और समाज सेवा का साधन बनाने का संदेश दिया गया। साथ ही विद्यालय को संस्कार, सेवा और समर्पण की परंपरा को आगे बढ़ाने का भी संकल्प लिया गया।
संकल्प ग्रहण के बाद विद्यालय प्रांगण हमारा विद्यालय, हमारा गौरव, हमारा स्वाभिमान के उद्घोष से गूंज उठा। कार्यक्रम के संचालन में सभी शिक्षकों ने सहयोग किया और विद्यार्थियों को अनुशासन तथा सेवा-भावना को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।