संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। राजकीय माध्यमिक विद्यालय ऐतमादपुर में हमारा विद्यालय-हमारा संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हरियाणा प्राइमरी टीचर एसोसिएशन के प्रधान चतर सिंह ने बताया कि यह पहल विद्यार्थियों और शिक्षकों को विद्यालय से गहरे जुड़ाव और जिम्मेदारी की भावना के साथ जोड़ने के लिए की गई है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का माध्यम ही नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन, सेवा और सहयोग का केंद्र होना चाहिए। विद्यार्थियों को यहां ज्ञान के साथ-साथ चरित्र-निर्माण, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रसेवा की भावना भी विकसित करनी है। विद्यालय परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण में बनाए रखने का संकल्प सभी ने सामूहिक रूप से लिया।
इस अवसर पर कई संकल्प लिए गए, जिनमें विद्यालय को स्वच्छ और हरित बनाए रखना, समय का सदुपयोग करना, राष्ट्रगान और राष्ट्रध्वज का सम्मान करना, आपसी सहयोग और अनुशासन को अपनाना शामिल रहा।