बैठक में जिला संगठन की वर्तमान स्थिति, आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर चर्चा की गई
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। भारतीय जनता पार्टी जिला फरीदाबाद की कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को जिला कार्यालय ''''अटल कमल'''' पर आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती और आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया।
जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में जिला संगठन की वर्तमान स्थिति, आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर चर्चा की गई। इसके अलावा कार्यकर्ताओं के सशक्तिकरण और जनसंपर्क अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित करने हेतु विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। बैठक में संगठन के कार्यक्रम मन की बात कार्यक्रम, तिरंगा यात्रा, सिंदूर यात्रा, अटल जन्म शताब्दी वर्ष, एक देश-एक चुनाव, एक भारत-श्रेष्ठ भारत अभियान पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में नेताओं ने अपने-अपने विचार रखते हुए संगठनात्मक विकास के लिए सुझाव दिए और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आने वाले चुनावों और अभियानों के लिए पूरी निष्ठा और ऊर्जा के साथ जुट जाएं।
बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल ने की। इस अवसर पर केन्द्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर, जिला प्रभारी नरेंद्र वत्स, महापौर प्रवीण जोशी, पूर्व जिला अध्यक्ष राजकुमार वोहरा, पूर्व प्रदेश महामंत्री वेदपाल एडवोकेट एवं अजय खुण्डिया मुख्य तौर पर उपस्थित रहे ।