संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की ओर से प्रदेशभर में नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में हरियाणा राज्य परिवहन के चालक प्रशिक्षण संस्थान, फरीदाबाद में शनिवार को एक दिवसीय नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जहां पर ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी उपनिरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने चालक प्रशिक्षुओं व कर्मचारियों को नशे के गंभीर दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशा सड़क दुर्घटनाओं, अपराधों और पारिवारिक विघटन का मुख्य कारण बन रहा है। इस दौरान उन्होंने ब्यूरो की हेल्पलाइन 90508-91508 और भारत सरकार की राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1933 की जानकारी देते हुए बताया कि नशे की तस्करी या सेवन की सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने नशामुक्त रहने और सुरक्षित वाहन चलाने की शपथ ली।