संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सराय ख्वाजा स्थित गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से ओरल हेल्थ जागरूकता कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन जूनियर रेड क्रॉस एवं सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड की देखरेख में प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा के मार्गदर्शन में हुआ।
इस अवसर पर दंत चिकित्सकों की टीम ने छात्र-छात्राओं को दांतों की देखभाल, सही ब्रशिंग तकनीक और संतुलित आहार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कैंप के दौरान बच्चों को मौखिक स्वच्छता से जुड़ी उपयोगी जानकारियां दी गईं। चिकित्सकों ने छात्रों को बताया कि दिन में दो बार ब्रश करना, शक्कर युक्त खाद्य पदार्थों का सीमित सेवन, हरी सब्जियों और ताजे फलों का आहार तथा पर्याप्त पानी पीना, दांतों और समग्र स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने विद्यार्थियों के सवालों का उत्तर देते हुए मौखिक स्वच्छता से संबंधित गलतफहमियों को भी दूर किया। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता शिक्षिका दीपांजली शर्मा ने किया।