फरीदाबाद। कोरोना वायरस को लेकर आमजन में इन दिनों खौफ साफ दिखाई दे रहा है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने गांव पाली में कोरोना संक्रमित या संभावित संदिग्धों को रखने के लिए आइसोलेशन वार्ड बनाना शुरू कर दिया है, लेकिन शनिवार को मामले की जानकारी ग्रामीणों को लगी तो उन्होंने इसका विरोध शुरू कर दिया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शहरों से दूर ग्रामीण इलाकों में कोरोना वायरस का आइसोलेशन सेंटर खोलकर स्वास्थ्य विभाग ग्रामीणों को इसकी चपेट में लाना चाहता है। विदेशी सैलानियों को रोकने के लिए किसी अन्य केंद्र में रखा जाना चाहिए। व्यवस्था शहरी क्षेत्र में की जाए तो बेहतर होगा। ग्रामीणों का नेतृत्व आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष धर्मबीर भड़ाना ने किया। ग्रामीणों ने जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर अपना विरोध जताया।
आयुष मेडिकल अधिकारी सुधीर कुमार ने बताया कि तिगांव व पाली के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आइसोलेशन वार्ड बनाया जा रहा है। इस मौके पर जितेंद्र भड़ाना, सुंदर सरपंच, कमल भड़ाना, संजय भड़ाना, श्यामवीर, राजवीर भड़ाना, जगत भड़ाना, गजन, खड़क सिंह भड़ाना, राजकुमार और केवी भड़ाना मौजूद रहे।