संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सूरजकुंड हस्तशिल्प मेले में हुए दर्दनाक झूला हादसे की जांच कर रही एसआईटी को कामयाबी मिली है। पुलिस ने झूले के ऑपरेटर अदनान को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पूछताछ के दौरान अदनान ने बताया कि हादसे से ठीक पहले तक झूला बिल्कुल सही चल रहा था, लेकिन अचानक एक तरफ से हिस्सा टूटने की वजह से यह हादसा हो गया। उसने कुबूल किया कि हादसे के बाद वह बुरी तरह घबरा गया था, जिसके चलते वह मौके से फरार हो गया था।
गौरतलब है कि सात फरवरी को हुए इस हादसे में हरियाणा पुलिस के इंस्पेक्टर जगदीश चंद की जान चली गई थी। इस मामले में पुलिस ने टेंडर लेने वाले मोहम्मद शाकिर और नितेश को पहले ही सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। जांच में यह चौंकाने वाली बात सामने आई है कि यह झूला नया बना था और पहली बार सूरजकुंड मेले में ही लगाया गया था। एसआईटी की तफ्तीश में पता चला है कि मेरठ निवासी शुभम गुप्ता ने खतौली के रहीस खान से करीब 40 लाख रुपये में यह झूला तैयार करवाया था। पुलिस अब झूले के मुख्य मालिक शुभम गुप्ता की तलाश में जुटी है, जिसे जांच में शामिल होने के लिए नोटिस भेजा गया है। एसआईटी हर उस पहलू की बारीकी से जांच कर रही है जिससे यह साफ हो सके कि आखिर इतने महंगे और नए झूले में इतनी बड़ी तकनीकी खामी कैसे रह गई।