संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। आईएमटी में बृहस्पतिवार को नई पुलिस चौकी का उद्घाटन पुलिस आयुक्त विकास कुमार अरोड़ा ने किया। चौकी, सदर बल्लभगढ़ पुलिस थाने के तहत कार्यरत रहेगी। इससे आईएमटी क्षेत्र में अपराध पर काबू पाने में मदद मिलेगी।
पुलिस आयुक्त विकास कुमार अरोड़ा ने बताया कि चौकी खुलने से नीमका, मिर्जापुर, मुजेड़ी, मच्छगर सहित पूरे आईएमटीवासियों को फायदा मिलेगा और आमजन की पुलिस तक पहुंच बढ़ेगी। यहां पर बहुत सारी फैक्ट्रियां हैं। जिनमें कर्मचारी 24 घंटे शिफ्टों में काम करते हैं, जो रात के समय भी छुट्टी होने के पश्चात अपने घर जाते हैं। चौकी खुलने से क्षेत्र में चोरी या कोई छोटे आपराधिक घटनाएं होती थीं, अब उन पर भी अंकुश लगेगा। आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के मन में पुलिस का खौफ रहेगा। उक्त एरिया में काफी समय से पुलिस चौकी की आवश्यकता थी और लोग काफी समय से इसकी मांग कर रहे थे। आयुक्त ने कहा कि पुलिस और जनता मिलकर अपराधों पर नियंत्रण कर सकते हैं। इस माैके पर डीसीपी बल्लभगढ़ राजेश दुग्गल, एसीपी बल्लभगढ़ मुनीष सहगल, एसीपी तिगांव राजेश लोहान, थाना सदर बल्लभगढ़ महेंद्र पाठक, आईएमटी के प्रधान कृष्ण कुमार कौशिक, एचएल भूटानी, वीरभान शर्मा, रमेश अरोड़ा, एमएल शर्मा, जेएस लांबा, जीएस दहिया व आईसी जैन आदि मौजूद रहे।