-खुले मैनहोल से हादसे का खतरा, स्ट्रीट लाइट भी नहीं जलती
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सीही गांव पटवारी मोहल्ले में दो माह से खुला मैनहोल हादसों को दावत दे रहा है। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने कई बार नगर निगम के जेई और कार्यकारी अभियंता को शिकायत दी है, लेकिन अधिकारी समस्या को लेकर गंभीर नहीं हैं।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों की लापरवाही के कारण बीते दिनों एक बच्चा सीवर के मैनहोल में गिर गया था और मौत हो गई थी। शहर के कई लोगों की अधिकारियों की लापरवाही के कारण मौत हो चुकी है, फिर भी समस्या को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। सीही गांव पटवारी मोहल्ले में बीच सड़क पर दो माह से मैनहोल का ढक्कन खुला है, ऐसे में लोगों के गिरने का खतरा बना हुआ है।
स्ट्रीट लाइट भी नहीं जलती, हादसे का खतरा दोगुना
लोगों ने बताया कि स्ट्रीट लाइट सीवर के मैनहोल से दूर लगी हुई है। अधिकांश समय लाइट खराब रहती है। ऐसे में सड़क पर अंधेरा छाया रहता है, जिससे हादसे का खतरा दोगुना हो गया है। मुख्य मार्ग होने के कारण छोटे बच्चों से लेकर नौकरीपेशा वर्ग यहां से निकलता है, निगम की लापरवाही लोगों पर भारी पड़ सकती है।
लोगों से बातचीत
नगर निगम इतने हादसों के बाद भी सबक नहीं ले रहा है। खुले सीवर के मैनहोल की शिकायत कई बार दी गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
-शिव सिंह मलिक, आरडब्ल्यूए प्रधान सेक्टर 8
सेक्टर में जगह-जगह सीवर के मैनहोल खुले हुए हैं। जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है। अधिकारियों की लापरवाही का खमियाजा आम जनता भुगत रही है।
-विजय, महासचिव आरडब्ल्यूए