राहगीर परेशान, नगर प्रशासन की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। रेलवे रोड पर खुला सीवर का ढक्कन राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कई दिनों से सीवर का ढक्कन टूटा हुआ है लेकिन नगर प्रशासन की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। अब यह समस्या लोगों के लिए मुसीबत बन गई है।
राहगीरों और आसपास के दुकानदारों ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अस्थायी रूप से सीवर के मुहाने में लकड़ी का डंडा डाल दिया है, ताकि आने-जाने वालों को खतरे का अंदेशा पहले ही लग जाए। स्थानीय निवासी अंकित का कहना है कि रात के समय यह खुला सीवर किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। स्थानीय दुकानदार नरेश का कहना है कि प्रशासन सब जानते हुए भी मौन बैठा है। यह समस्या अब से नहीं बल्कि काफी समय से है। इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इसी सड़क से प्रतिदिन हजारों यात्री और राहगीर निकलते हैं। इससे सभी को खतरा है। उन्होंने बताया कि शिकायतें देने के बावजूद नगर निगम के कर्मचारी अब तक मौके पर नहीं पहुंचे हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सीवर का ढक्कन लगवाने और क्षेत्र में नियमित निरीक्षण कराने की मांग की है।