फरीदाबाद। अनलॉक 3.0 लागू होने के बाद जिमों को खोल दिया गया है। बुधवार को जिम में सदस्यों को तापमान में जांच के बाद प्रवेश दिया गया। साथ ही फुल बॉडी सैनिटाइज किया गया, जिससे की कोरोना संक्रमण के खतरे को फैलने से रोका जा सके। करीब पांच महीने बाद जिम पहुंचे लोगों में उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि कसरत करने से शरीर की इम्युनिटी पावर को बढ़ाया जा सकता है। इससे शरीर में कोरोना से लड़ने की क्षमता बढ़ेगी।
शहर में छोटी-बड़ी 400 से ज्यादा जिम है। कोरोना संकट के कारण 140 दिनों से जिमों पर ताले लटके हुए थे। इस दौरान नियमित रूप से जिम जाने वाले लोग कोरोना के डर से घरों के कैद हो कर रह गए थे। केंद्र सरकार की ओर से जब अनलॉक 3.0 में जिमों को खोलने की बात कही गई तो लोगों के चेहरे खिल उठे। आर्थिक संकट से जूझ रहे जिम संचालकों ने भी राहत की सांस ली।
बुधवार को जिल खुलने के बाद जिलों में कई तरह के बदलाव देखे गए। एनआईटी तीन स्थित द्रोणाचार्य जिम में शरीर का तापमान जांच के बाद लोगों को अंदर प्रवेश दिया गया। जिसका तापमान सामान्य से अधिक लगा उसे वापस घर लौटा दिया गया। इसी तरह सेक्टर-9 स्थित गोल्ड जिम के बाहर लोगों की लंबी लगी हुई थी। यहां भी तापमान जांच के बाद एक स्लॉट में 7 से 8 सदस्यों को ही जिम में प्रवेश दिया गया। हालांकि कॉलोनियों में खुली जिमों में नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाई गई। यहां सदस्यों की थर्मल जांच की गई और न ही सैनिटाइज किया गया। द्रोणाचार्य जिम संचालक सुमित बेदी ने कहा कि जिम में सरकार के सभी नियमों का सख्ती से पालन किया जा रहा है। दो तीन लोगों को शरीर का तापमान थर्मल जांच में ज्यादा लगा तो उन्हें वापस घर भेज दिया गया।