फरीदाबाद। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के कार्ड धारकों के लिए राहत भरी खबर है। जिले में कोरोना की सुधरती रिकवरी दर को देखते हुए ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में बंद ओपीडी सेवाओं को एक बार फिर चालू कर दिया गया है। इसके साथ ही वार्ड में सामान्य मरीजों को भर्ती किया जा रहा है, इससे मरीजों को काफी सहूलियत मिली है। हालांकि अस्पताल की 10वीं मंजिल और आईसीयू कोविड मरीजों के लिए आरक्षित हैं। दोनों ही जगह करीब 70 कोरोना मरीजों का इलाज किया जा रहा है।
एनआईटी-3 स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में वर्तमान में 510 बेड हैं। इस अस्पताल से करीब साढ़े छह लाख कार्ड धारक जुड़े हुए हैं। सामान्य दिनों में फरीदाबाद समेत गुरुग्राम, पलवल, होडल, रेवाड़ी और सोनीपत जैसे जिलों से रोज करीब तीन हजार मरीज इलाज के लिए आते हैं। कोविड महामारी के शुरुआत में सरकार द्वारा ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को कोविड अस्पताल घोषित कर दिया गया था। इसके बाद यहां इलाज के लिए आने वाले मरीजों को सेक्टर-8 ईएसआई अस्पताल भेजा जा रहा है, जहां पहले से ही स्वास्थ्य सुविधाओं का भारी अभाव है। इससे मरीजों को भी काफी परेशानी होती थी। कुछ मरीजों को इलाज के लिए निजी अस्पताल रेफर करना पड़ता था। इस वजह से पिछले आठ महीने से मरीजों को काफी परेशानी हो रही थी।
अस्पताल में 70 संक्रमितों का चल रहा इलाज
जिले में घटती कोरोना दर को देखते हुए ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में संक्रमित मरीजों की संख्या काफी कम हो गई है। अब अस्पताल में लगभग 70 कोरोना संक्रमित मरीजों का ही इलाज किया जा रहा है। इनमें से करीब 40 मरीज आईसीयू में भर्ती हैं, अन्य मरीज 10वीं मंजिल पर बने कोरोना वार्ड में भर्ती हैं।
जिले में कोरोना की रिकवरी दर में तेजी से सुधार हुआ है। संक्रमित मरीजों की संख्या काफी कम रह गई है इसलिए लगभग सभी ओपीडी मरीजों के लिए चालू कर दी गई हैं। मरीज कोविड नियमों का पालन करते हुए इलाज के लिए आ सकते हैं।
- डॉ. असीमदास, डीन, ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल