फरीदाबाद। शहर में आगामी नवरात्र को लेकर मंदिरों में तैयारियां शुरू हो गई हैं। साथ ही बढ़ते कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए कोविड प्रोटोकॉल के पालन का इंतजाम भी किया जा रहा है। मंदिर प्रबंधन की ओर से मास्क और सामाजिक दूरी के प्रति जागरूक किया जा रहा है। मास्क लगाने वालों को ही मंदिर में दर्शन के लिए प्रवेश दिया जाएगा।
एनआईटी स्थित महारानी वैष्णो देवी मंदिर में पूजन-पाठ के लिए खासतौर पर नवरात्र में श्रद्धालुओं की खूब भीड़ होती है। मंदिर प्रबंधन द्वारा इस बार श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेड लगाए जाएंगे। यहां पर मंदिर के प्रवेश द्वार पर सैनिटाइज करने की भी व्यवस्था है। बिना मास्क वालों को प्रवेश वर्जित का नोटिस प्रवेश द्वार पर चस्पा कर दिया गया है। ऐसे में मास्क लगाने वाले श्रद्धालुओं को ही मां देवी के दर्शन होंगे। इसके अलावा अन्य मंदिरों में भी कोविड प्रोटोकॉल के तहत इंतजाम किए जा रहे हैं।