फरीदाबाद। कोरोना संकट की वजह से रक्तदान में कमी आने से सिविल अस्पताल बीके में रक्त की भारी कमी हो गई है। सिविल अस्पताल की ब्लड बैंक में मात्र सात यूनिट रक्त ही बचा है। रक्त की यह कमी गर्भवती महिलाओं के लिए परेशानी की वजह बन सकती है।
बीके सिविल अस्पताल से जिले की करीब 14 डिस्पेंसरियां जुड़ी है। जहां से मरीज रेफर होकर इलाज के लिए यहां पहुंचते हैं। इसके अलावा ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भी है, मगर यहां केवल ईएसआई कार्ड धारकों का ही इलाज होता है। सड़क दुर्घटना में घायल व डिलीवरी के सबसे ज्यादा मामले सिविल अस्पताल ही पहुंचते है। घायलों के इलाज में अक्सर रक्त की जरूरत पड़ती है। रक्त के अभाव में कई बार मरीज की जान पर बन आती है।
सिविल अस्पताल के एक अधिकारी ने कहा कि लॉकडाउन से पूर्व सिविल अस्पताल और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से रक्तदान शिविर लगाए जाते हैं। कोरोना संक्रमण बढ़ने के कारण अब लोग रक्तदान के लिए नहीं पहुंच रहे। सामाजिक संस्थाओं और निजी ब्लड बैंक द्वारा लगाए गए रक्तदान शिविर में भी कमी आई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी रणदीप पूनिया ने कहा कि रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा, जिससे अस्पताल के रक्त की पूर्ति की जा सके।