जनवरी से लगेंगी पीजी की ऑनलाइन कक्षाएं
फरीदाबाद। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के स्नातकोत्तर कोर्स में फिलहाल दाखिले का दौर जारी है। वहीं, नए शैक्षणिक सत्र में दाखिला ले चुके प्रथम वर्ष के पीजी कोर्स के विद्यार्थियों के लिए नए साल से ऑनलाइन कक्षाएं लगनी शुरू हो जाएंगी। इसकी अधिसूचना निदेशालय स्तर से जारी की गई है। जिले के पांच कॉलेजों में पीजी कोर्स की पढ़ाई के लिए दाखिले जारी हैं। ऑनलाइन कक्षा में समस्या आने पर छात्र कॉलेज में जाकर भी पढ़ाई कर सकेंगे। सेक्टर 16 ए स्थित पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एमके गुप्ता ने बताया कि पीजी की कक्षाएं लगाने के निर्देश मिले हैं। कोविड के कारण फिलहाल ऑनलाइन कक्षाओं के ही निर्देश मिले हैं। इसके लिए तैयारी की जा रही है। हालांकि अभी पीजी कोर्स के वेटिंग लिस्ट के दाखिले होने बाकी हैं। 28 दिसंबर को कॉलेज स्तर पर लिस्ट लगाई जाएगी। जिले के कॉलेजों में 45 से 50 प्रतिशत सीटें रिक्त हैं। ब्यूरो