पैर में गोली लगने से जख्मी बदमाश को अस्पताल में कराया भर्ती, 2 जनवरी की रात दिया था वारदात को अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। करनेरा गांव में 3 जनवरी की रात को किसान परिवार को बंधक बनाकर हुई डकैती मामले में दो आरोपियों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई। बाइक सवार दोनो आरोपियों ने बचने के लिए पुलिस टीम पर गोली चलाई। अपराध शाखा एवीटीएस की टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पैर में गोली लगने से जख्मी हुए एक आरोपी यूपी मेरठ निवासी विनीत को काबू कर लिया। जबकि दूसरा आरोपी वीरेंद्र अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब हो गया। जख्मी हालत में विनीत को पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
अपराध शाखा एवीटीएस की टीम के इंचार्ज सुंदर को सूचना मिली थी कि डकैती मामले के दो आरोपी विनीत व वीरेंद्र बाइक पर सवार होकर नाचोली गांव के पास से जाने वाले हैं। पुलिस टीम ने नाचोली गांव रेलवे लाइन के पास नाका लगाया। नाके पर बाइक सवार आरोपियों को रुकने का इशारा टीम ने किया तो वे कच्चे रास्ते की ओर बाइक घुमाकर निकल गए। पुलिस टीम ने पीछा किया तो कच्चे रास्ते पर आरोपियों की बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। दोनों आरोपी उठकर भागने लगे और वहां पहुंची पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस टीम ने भी गोली चलाई तो एक आरोपी को पैर में लगी जबकि दूसरा भाग निकला। जख्मी आरोपी की पहचान यूपी मेरठ निवासी विनीत के तौर पर हुई। जबकि वीरेंद्र भाग चुका था। विनीत के पास से 2 गोली, 50 हजार रुपये व सोने की चेन, अवैध हथियार व बाइक जब्त की गई है। ये बाइक दिल्ली से चोरी की हुई है। आरोपी विनीत पर यूपी के हापुड़ व मेरठ में लूट व अवैध हथियार के 6 केस दर्ज हैं। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि केस में कुल 5 आरोपियों को काबू कर लिया गया है। अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
चार आरोपियों को पहले गिरफ्तार कर चुकी है पुलिस
इससे पहले चार आरोपियों को पुलिस टीम इस केस में गिरफ्तार कर चुकी है। उनके नाम सेक्टर-56 निवासी सोनू, नगला निवासी बबलू, सेक्टर-62 झुग्गी निवासी आकाश और यूपी हापड़ निवासी राहुल हैं। इनमें आरोपी सोनू ने लगभग डेढ़ महीने पहले करनेरा गांव में शिकायतकर्ता के घर में पेंट किया था। उसने ही बबलू के साथ मिलकर वारदात की प्लॉनिंग की और अन्य साथियों को जोड़कर वारदात की। सेक्टर-58 थाना की सिकरोना पुलिस चौकी में ये शिकायत 4 जनवरी को मिली। जिसमें करनेरा गांव के नवीन ने बताया कि 3 जनवरी की देर रात लगभग 12 बजे 6 बदमाश हथियार लेकर उनके घर में घुस आए। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर अलमारी से सोने की जूलरी, लगभग ढाई किलो चांदी व मोबाइल लूटकर ले गए। सेक्टर-58 थाना पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की।