आरोपी गुजरात का रहने वाला है, खाते में आए थे ठगी के 1.86 लाख रुपये
आरोपी को 5 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया और मुंबई क्राइम ब्रांच का पुलिसकर्मी बनकर 11.36 लाख रुपये की ठगी में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी 22 साल का सूरज गुजरात का रहने वाला है। पूछताछ में पता चला कि इसने अपना बैंक खाता ठगों को दिया था। इसके बैंक खाते में ठगी के 1.86 लाख रुपये आए थे।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को 5 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम पूछताछ कर रही है।
ठगी को लेकर पुलिस को यह शिकायत सेक्टर-37 के रहने वाले व्यक्ति ने दी थी। इसमें आरोप लगाया कि 7 अगस्त 2024 को उनके पास एक नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को ट्राई कर्मचारी बताया और शिकायतकर्ता से कहा कि आपके नाम से एक नया फोन नंबर रजिस्टर्ड हुआ है। इस नंबर से बहुत सारे गैर-कानूनी मैसेज भेजे गए हैं। इसके चलते मुंबई में आपके खिलाफ केस रजिस्टर्ड हुआ है। फिर उसने कॉल को मुंबई क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दिया तो एक व्यक्ति ने पुलिसकर्मी बनकर बात की। उसने आरोप लगाया कि शिकायतकर्ता का मुंबई के एचडीएफसी बैंक में खाता है और इस खाते में 6.80 करोड़ रुपये गैर-कानूनी तौर पर आए हैं। ठगों ने शिकायतकर्ता से उनके सभी बैंक खानों की डिटेल ली और जांच पूरी होने तक 11.36 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। बाद में ये रकम रिफंड करने का झांसा दिया गया था लेकिन रिफंड नहीं की गई तो मामला पुलिस तक पहुंचा। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।