अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। सेक्टर-58 थाना क्षेत्र में महिला कर्मचारियों को लेकर जा रही निजी कंपनी की बस पर हमला करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी गणेश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार शाम सेक्टर-59 स्थित पॉलीमेड कंपनी की महिला कर्मचारियों को छोड़ने जा रही बस पर राजीव कॉलोनी स्थित गुर्जर चौक के पास 10 से 12 युवकों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने बस को जबरन रुकवाकर चालक मोहम्मद ताज के साथ मारपीट की और बस के शीशे तोड़ दिए। इस दौरान बस में मौजूद महिला कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की भी की गई। टूटे हुए शीशों के कांच लगने से कुछ महिला कर्मचारी घायल हो गईं, जिससे बस में अफरा-तफरी मच गई।
बस चालक मोहम्मद ताज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पिछले करीब तीन महीनों से कुछ युवक लगातार बस का पीछा कर रहे थे। आरोपियों द्वारा महिला कर्मचारियों पर फब्तियां कसने, बस के आगे बाइक लगाकर उसे रोकने का प्रयास करने और अभद्र व्यवहार करने की शिकायत की गई । चालक ने कई बार इसका विरोध किया, जिसके बाद आरोपी उससे रंजिश रखने लगे। इसी विवाद को लेकर पहले भी मामला थाने तक पहुंचा था, जहां समझौता हो गया था।
चालक का आरोप है कि शुक्रवार को आरोपियों ने पहले से योजना बनाकर बस को घेर लिया और हमला कर दिया। शिकायत में विक्की, गणेश समेत अन्य युवकों के नाम भी दर्ज कराए गए हैं तथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
घटना के बाद किरण ट्रेवल्स ने महिला कर्मचारियों की सुरक्षा को देखते हुए शनिवार से दूसरी बस और नया चालक तैनात कर दिया है, ताकि कर्मचारियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि बस चालक की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई थी। जांच के दौरान आरोपी गणेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।