फरीदाबाद। घर बैठे कमाई का झांसा देकर 1.74 लाख रुपये की ठगी के मामले में बैंक खाता मुहैया कराने के आरोपी को साइबर क्राइम थाना सेंट्रल टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी मंदीप हरियाणा के सिरसा का रहने वाला है।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी मंदीप ने सुरेंद्र का खाता विक्रम से लेकर आगे ठगों को दिया था। मंदीप हिसार की एक फैक्टरी में काम करता है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि सुरेंद्र व विक्रम को मामले में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी को दो दिन के रिमांड पर लेकर अब टीम पूछताछ कर रही है।
ठगी की वारदात सेक्टर-88 निवासी महिला से हुई थी। महिला ने शिकायत दी कि टेलीग्राम के माध्यम से आरोपियों ने उनसे संपर्क कर घर बैठे टास्क पूरे कर कमाई का झांसा दिया। बाद में प्रीपेड टास्क में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर निवेश कराने लगे। शुरू में 5 हजार रुपये निवेश करने पर महिला को मुनाफे के साथ 6500 रुपये वापस मिले।
बाद में आरोपी निवेश कराते रहे लेकिन रिफंड नहीं दिया। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है।