आरोपी 31 साल का विकास यूपी अंबेडकर नगर का रहने वाला
आरोपी को 4 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। टेलीग्राम टास्क के बहाने 4.42 लाख रुपये की ठगी में एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी 31 साल का विकास यूपी अंबेडकर नगर का रहने वाला है। इससे पूछताछ में सामने आया कि आरोपी विकास ने सहज राज श्रीवास्तव से बैंक खाता लेकर आगे ठगों को दिया था।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि मामले में खाताधारक विशाल व सहज राज श्रीवास्तव को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अब आरोपी विकास को 4 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम पूछताछ कर रही है।
ठगी को लेकर पुलिस को ये शिकायत सेक्टर-84 के रहने वाले व्यक्ति ने दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 9 दिसम्बर 2025 को उन्हें एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया। जहां उन्हें टास्क करके पैसे कमाने का लालच दिया गया और लालच में आकर टास्क करने शुरू किये। इसके लिए उन्होंने बताए गए बैंक खातों में 442876 रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में रिफंड नहीं मिला तो मामला पुलिस तक पहुंचा। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।