आरोपी को 4 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना सेंट्रल टीम कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। टेलीग्राम टास्क के बहाने 1.37 लाख रुपये की ठगी मामले में एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी 33 साल का छित्तर मल राजस्थान जयपुर का रहने वाला है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी छित्तर मल खाताधारक है। इसने अपना बैंक खाता ठगों को उपलब्ध करवाया हुआ था। इसके बैंक खाते में ठगी के 89 हजार रुपये आए थे।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी 10वीं पास है और जयपुर में ड्राइवरी का काम करता था। आरोपी को 4 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम पूछताछ कर रही है।
ठगी को लेकर पुलिस को ये शिकायत जीवन नगर इलाके के रहने वाले व्यक्ति ने दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 5 अगस्त 2025 को उन्हें टेलीग्राम पर एक लिंक प्राप्त हुआ। लिंक पर क्लिक करने के बाद वह एक टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ गए। ग्रुप में उन्हें टास्क पूरा कर पैसे कमाने का लालच दिया गया। ठगों के झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने उनके बताए अनुसार विभिन्न टास्क किए और बताए गए बैंक खातों में 1.37 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में रिफंड नहीं मिला तो मामला पुलिस तक पहुंचा। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।