संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। गांव सरूरपुर में ज्वेलर्स की दुकान पर हुई लूट के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गाजियाबाद से काबू किया। आरोपी की पहचान साकिब निवासी गांव सिंगरैड़ा, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 11 मार्च को दिन के समय सरूरपुर स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान पर नकाबपोश बदमाशों ने हथियार के बल पर करीब 350 ग्राम सोने के आभूषण लूट लिए थे और मोटरसाइकिल पर फरार हो गए थे। इस संबंध में सेक्टर-85 निवासी संजय की शिकायत पर थाना मुजेसर में लूट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा सेक्टर-30, सेक्टर-56, सेक्टर-48 और एवीटीएस की टीमों को जांच में लगाया गया था। संयुक्त कार्रवाई के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने आरोपी साकिब को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था और वह मोटरसाइकिल चला रहा था। वारदात में इस्तेमाल लाल रंग की अपाचे मोटरसाइकिल दिल्ली से चोरी की गई थी। आरोपी के खिलाफ पहले से लूट और चोरी के छह मामले दर्ज हैं। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।