मैट्रिमोनियल साइट पर हुई थी जान पहचान, कई लाख की धोखाधड़ी की
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। थाना सूरजकुंड की टीम ने वर्ष 2024 के पहचान छिपाकर शादी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है । आरोपी सोमदत्त कौशिक निवासी गांव जुन्हेड़ा को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि ग्रीन फील्ड निवासी एक महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि उसकी रक्षित नाम के लड़के से शादी डॉट कॉम के माध्यम से पहचान हुई थी। आरोपी ने शिकायतकर्ता से अगस्त 2024 में विभिन्न खातों में 2 लाख से अधिक रुपये डलवाए तथा सितंबर 2024 में वह शिकायतकर्ता के घर पर अपने परिवार के साथ शादी का रिश्ता लेकर आया था।
जहां पर शिकायतकर्ता के परिवार वालों ने उसको टीके के 4 लाख रुपये व एक सोने की अंगूठी, एक सोने की गिन्नी दी थी । इसके उपरांत आरोपी ने शिकायतकर्ता के क्रेडिट कार्ड से 1 लाख 25 हजार 634 रुपये का सामान, एक आई फोन खरीदा व सोने की ज्वेलरी भी खरीदी तथा उसके नाम से 15 लाख की गाड़ी खरीद ली। आरोपी ने अपना नाम रक्षित शर्मा बताया था, जबकि उसका असली नाम सोमदत्त कौशिक है । आरोपी ने अपनी पहचान छिपाकर धोखाधड़ी से शादी की तथा पैसे ऐंठ लिए ।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने नाम बदलकर शादी के लिए मैट्रिमोनियल साइट पर अपना बायोडाटा डाला था । आरोपी ने अपने आप को कस्टम, जीएसटी विभाग में इंस्पेक्टर तैनात बताया था। शिकायतकर्ता व उसके परिवार से वह रक्षित शर्मा पहचान बताकर मिला था और शादी की। शादी के कुछ घंटों बाद ही शिकायतकर्ता को पीटकर घर से भगा दिया। इस तरह की वारदात के लिए षड्यंत्र में वह अपने पिता, बहन, मामा को भी शामिल करता है। आपराधिक रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पर नोएडा व गाजियाबाद में भी एक-एक मामला इसी प्रकार का दर्ज है। अब तक की पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने काफी लड़कियों से धोखाधड़ी कर पैसे ऐंठ रखें हैं।