-आरोपी बलराम यूपी रामपुर का रहने वाला
- साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम ने मथुरा से किया गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शेयर बाजार में निवेश के बहाने 1.08 करोड़ रुपये की ठगी में एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी बलराम यूपी रामपुर का रहने वाला है। साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम ने उसे मथुरा से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी खाताधारक है। इसने एक फर्म के नाम से खाता खुलवाया और ठगों को दिया। इस खाते में ठगी के 5 लाख रुपये आए थे। आरोपी नारियल पानी की दुकान लगाता है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को 4 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम पूछताछ कर रही है। ठगी को लेकर पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-21 निवासी व्यक्ति ने बताया कि उनके व्हाट्सएप पर एक मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले ने खुद को बैंक का कर्मचारी बताया। इसके बाद जालसाज ने एक लिंक भेजा। इस पर क्लिक करने के बाद शिकायतकर्ता का सिक्योरिटीज एडवांस ब्रोकर अकाउंट खोला गया। फिर शेयर बाजार में रुपये निवेश कराने लगे। शिकायतकर्ता ने 1,08,10,000 रुपये निवेश कर दिए लेकिन रिफंड नहीं मिला। साइबर क्राइम थाना एनआईटी टीम ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।