साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने पकड़ा आरोपी
4 दिन के रिमांड पर लेकर पुलिस टीम कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। टेलीग्राम पर प्रीपेड टास्क के बहाने 9.34 लाख रुपये की ठगी में एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी 21 साल का राजीव यूपी जालौन का रहने वाला है। इससे पूछताछ में सामने आया कि आरोपी राजीव बैंक खाताधारक है। इसने अपना खाता आगे किसी को दिया था। इसके खाते में ठगी के 60 हजार रुपये आये थे।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि इस मामले में पूर्व में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब पकड़े गए राजीव को 4 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना सेंट्रल टीम पूछताछ कर रही है।
ठगी को लेकर पुलिस को ये शिकायत सेक्टर-77 के रहने वाले व्यक्ति ने दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनके व्हॉट्सएप पर एक अंजान नंबर से एक लिंक आया। इस पर पार्ट-टाइम काम के लिए गूगल मेप्स पर रेटिंग और कमेंट करने के लिए कहा गया। लिंक पर क्लिक करते ही वह एक टेलीग्राम ग्रुप में जुड़ गए। उन्होंने टेलीग्राम प्रीपेड टास्क के तहत अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 9.34 लाख रुपये कर दिए। बाद में कोई रिफंड नहीं मिला तो मामला पुलिस तक पहुंचा। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।