आरोपी को 3 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। पार्ट टाइम जॉब के बहाने 44463 रुपये की ठगी मामले में एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी 19 साल का प्रबल राजस्थान करौली का रहने वाला है। इससे पूछताछ में सामने आया कि आरोपी प्रबल मामले में बैंक खाताधारक है। इसने अपना खाता आगे ठगों को दिया था।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी बीएससी का छात्र है। इसके बैंक खाते में ठगी के 33 हजार रुपये आए थे। आरोपी को 3 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम पूछताछ कर रही है।
ठगी को लेकर पुलिस को ये शिकायत एसजीएम नगर की रहने वाली महिला ने दी थी। शिकायत में बताया गया कि वे 10 जुलाई 2025 को इंस्टाग्राम पर एक कंपनी से पार्ट टाइम जॉब के लिए जुड़ी थी। फिर उनके व्हाट्सएप पर एक अंजान नंबर से कॉल आई और कॉलर ने शिकायतकर्ता को अपनी बातों में फंसाकर पार्ट टाइम जॉब देने के नाम 44463 रुपये खाता में ट्रांसफर करा लिए। बाद में जॉब नहीं मिली तो मामला पुलिस तक पहुंचा। साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।