दो दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना एनआईटी टीम कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। टेलीग्राम टास्क के बहाने 3.50 लाख रुपये की ठगी में एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी 24 साल का दिनेश राजस्थान अजमेर का रहने वाला है। इससे पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिनेश खाताधारक है। इसने अपना बैंक खाता आगे ठगों को दे रखा था। इसके खाते में ठगी के 50 हजार रुपये आये थे।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को 2 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम पूछताछ कर रही है।
ठगी को लेकर पुलिस को ये शिकायत जवाहर कॉलोनी के रहने वाले व्यक्ति ने दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 30 मई को उन्हें एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया और टास्क पूरे करके पैसे कमाने का लालच दिया। फिर ठगों के कहने पर शिकायतकर्ता ने 350002 रुपये उनके बताए गए बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। मुनाफे के साथ रिफंड मांगा तो आरोपियों ने ब्लॉक कर दिया। साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम ने जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।