- आतंकी गतिविधि में शामिल होने व हवाला से रुपये लेने के चलते केस का डर दिखाया था
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। आतंकी गतिविधियों में शामिल होने व हवाला के रुपये लेने के मामले में फंसाने का डर दिखा डिजिटल अरेस्ट कर ठगने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी लखदान राजस्थान के बाड़मेर का रहने वाला है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लखदान एक ट्यूशन टीचर है। इसने अपना बैंक खाता ठगों को दिया हुआ था। इस खाते में ठगी के 12.27 लाख रुपये आए थे। पीड़ित से 14.27 लाख रुपये ठगे गए थे।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को 5 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम पूछताछ कर रही है। ठगी की शिकायत सेक्टर-37 के रहने वाले व्यक्ति ने दी थी। शिकायत में कहा गया कि 30 नवंबर को उन्हें एक नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को पंचकूला पुलिस हेडक्वार्टर से बताकर कहा कि उसका नाम पहलगाम टेरर एक्टिविटी में शामिल है। आरोपी ने कहा कि यदि आपको एंटी टेरर स्क्वाड, पुणे से नॉन इन्वॉल्वमेंट सर्टिफिकेट (एनआईसी) नहीं मिला तो आपको गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके बाद कॉल को ट्रांसफर किया गया, जहां शिकायतकर्ता को बताया गया कि आपके खाते में हवाला के पैसों का लेन-देन हुआ है।
ठगों ने एनआईसी बनवाने और फंड को लीगल कराने के नाम पर शिकायतकर्ता से बैंक खाते की जानकारी मांगी और दिए गए खातों में पैसे ट्रांसफर करने को कहा। यह भी भरोसा दिलाया गया कि जांच के बाद यदि कोई लिंक नहीं मिलता है तो पूरी रकम वापस कर दी जाएगी। शिकायतकर्ता ने झांसे में आकर 14.27 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।