फरीदाबाद। बिजली उपभोक्ताओं को अब मीटर रीडिंग के कारण बिलों में होने वाली गड़बड़ी और बिल लेने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। बिजली निगम ने ऑन द स्पॉट बिल योजना की शुरूआत की है। योजना के तहत मीटर से रीडिंग लेने आया कर्मचारी मौके पर ही उपभोक्ता को इलेक्ट्रिानिक मशीन से बिल निकालकर दे देगा। इसके लिए उनके मोबाइल में सॉफ्टवेयर डाला गया है, जिसमें वह रीडिंग फीड करेगा। सॉफ्टवेयर में रीडिंग डालते ही मशीन से बिल निकल आएगा।
बिजली निगम हर दो माह पर उपभोक्ता को बिल भेजता है। बिल बनाने के लिए रीडर उपभोक्ता के मीटर से रीडिंग ले जाता था। फिर बिल बनाकर उसे उपभोक्ता को भेजा जाता था। इस सारी प्रक्रिया में जहां अधिक समय लगता था। वहीं मीटर रीडिंग में गड़बड़ी और बिल नहीं मिलने की भी ढेरों शिकायतें विभाग के पास पहुंचती थी। इन दिक्कतों को देखते हुए बिजली निगम ने मौके पर ही उपभोक्ता को बिल देने की योजना तैयार की। बिजली निगम ने इस योजना की शुरूआत अप्रैल में पायलेट प्रोजेक्ट के तौर पर की थी। अगस्त से जिले के सभी उपमंडल में इन मशीनों से ही बिल वितरण का काम शुरू हो चुका है।
बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता प्रदीप चौहान ने बताया कि निगम ने इसके लिए बंगलूरू की कंपनी बीसीआईटीएस के साथ करार किया है। बिजली निगम कंपनी को उपभोक्ता का पूरा डाटा उपलब्ध करवाया है। उस आधार पर कंपनी ने ही सभी मीटर रीडर को मशीन व सॉफ्टवेयर उपलब्ध करवाया है। इसके तहत सॉफ्टवेयर में डाटा फीड करते ही उपभोक्ता का बिल तैयार हो जाता है। साथ ही साथ बिल को निगम की वेबसाइट पर भी डाल दिया जाता है। बिल मिलने के 24 घंटे के अंदर उपभोक्ता बिजली निगम की साइट पर भी अपना बिल चेक कर सकता है।
बिल में है पूरा विवरण
एनआईटी पांच में बिल वितरण कर रहे खिलौनी ने बताया कि बिल में उपभोक्ता का नाम, पता, मीटर नंबर, लोड सहित पिछली रीडिंग कब ली गई थी, कितनी थी और अब कितनी रीडिंग है का पूरा विवरण उपलब्ध होता है। निगम की वेबसाइट पर अपलोड होने के बाद इसका ऑनलाइन भुगतान भी किया जा सकता है।
बिल वितरण की शिकायतों में आई कमी
रीडिंग लेने के साथ ही मौके पर बिल देने की योजना के बाद से बिजली निगम में मीटर रीडिंग और बिल वितरण की शिकायतों में भी कमी आई है। पहले बिल वितरक किसी भी मोहल्ले में जाकर स्थानीय प्रधान को सभी लोगों का बिल दे देते थे या किसी दुकानदार के पास छोड़ आते थे। ऐसे में लोगों को बिल नहीं मिलने पर समय पर भुगतान नहीं होता था, जिससे लोगों को जुर्माना भरना पड़ता था।
बिजली निगम का प्रयास है कि उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा मिले। इसी कड़ी में ऑन द स्पॉट बिल योजना की शुरूआत की गई है। इसका काफी अच्छा परिणाम आ रहा है। बिल वितरण व रीडिंग में गड़बड़ी की शिकायतें कम हो रही हैं। यदि किसी के बिल में दिक्कत आती है तो उपमंडल कार्यालय में उसका डाटा चेक कर बिल बना दिया जाता है। - प्रदीप चौहान, अधीक्षण अभियंता, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम, फरीदाबाद