उपायुक्त की तरफ से अधिकारियों के साथ बैठक कर दिए गए आवश्यक निर्देश
डीजल जनरेटरों के साथ अधिक प्रदूषण वाले वाहनों पर भी रहेगी रोक
जिले की हवा बनी हुई है जहरीली, 298 पहुंचा एक्यूआई
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। फरीदाबाद सहित पूरे दिल्ली-एनसीआर में लगातार बढ़ रहे प्रदूषण स्तर के चलते ग्रैप-2 के बाद अब ग्रैप-3 लागू कर दिया गया है। जहां एक तरफ प्रशासन के अधिकारी नियमों का पालन करवाने के लिए लगातार निर्देश जारी कर रहे हैं वहीं दूसरी तरफ जमीनी स्तर पर लोग नियमों का पालन करते हुए नहीं दिख रहे हैं।
अब तक नियम तोड़ने वालों से करीब साढ़े पांच लाख से अधिक का जुर्माना वसूल किया जा चुका है। जिले में मंगलवार को कई स्थानों पर सड़कों पर उड़ती धूल और जगह-जगह धड़ल्ले से निर्माण कार्य होते दिखाई दिए इसके कारण लोगों को प्रदूषण की और अधिक मार का सामना करना पड़ा। जहां एक तरफ ग्रैप 3 के नियम लागू कर दिए गए हैं वहीं कई लोगों को इसकी जानकारी नहीं है। इसी क्रम में कई स्थानों पर निर्माण सामग्री खुले में पड़ी दिखी व निर्माण कार्य भी चलते रहे। वहीं ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन के पास तो बेहद अधिक भवन निर्माण सामग्री खुले में पड़ी नजर आई। इसके अलावा सेक्टर 21 में बन रही एक बिल्डिंग का काम धड़ल्ले से चलता दिखा। कारीगरों ने बताया की कई दिनों से यह काम ऐसे ही चल रहा है। वहीं मेवला महाराजपुर के पास स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर के ठीक सामने निर्माण कार्य होता हुआ नजर आया। यहां पर भी बालू और सीमेंट बाहर पड़ी दिखाई दी। इसके कारण बच्चों को टीका लगवाने पहुंच रही महिलाएं और खुद को टीका लगाने के लिए अस्पताल पहुंची गर्भवती महिलाओं को बेहद परेशानी उठानी पड़ी। बतादें कि प्रशासन की तरफ से बीएस-थ्री पेट्रोल और बीएस-फोर डीजल वाहनों के संचालन पर गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर और दिल्ली में रोक लगाई गई है। लेकिन फरीदाबाद में सड़कों पर बड़े वाहन भी चलते हुए दिखाई दिए।
नियमों को लेकर उपायुक्त दिखे सख्त
उपायुक्त ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और निकटवर्ती क्षेत्र वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग की ओर से फरीदाबाद सहित एनसीआर क्षेत्र में लागू किए गए ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप-3) के तहत संबंधित विभागों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, शहरी निकायों, एचएसआईआईडीसी सहित अन्य विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे जिले में बढ़ते प्रदूषण स्तर को नियंत्रित करने के लिए सख्त कदम उठाएं। सभी विभाग जिले में एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी वायु गुणवत्ता सूचकांक को नियंत्रित रखने के लिए जमीनी स्तर पर मिलकर काम करें।
प्रदूषण नियंत्रण के लिए नागरिकों से सहयोग की अपील
उपायुक्त विक्रम सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान को सफल बनाने में भागीदार बनें और सिटीजन चार्टर का पालन करें। उन्होंने कहा कि लोग छोटी दूरी के लिए पैदल चलें या साइकिल का उपयोग करें, यात्रा के दौरान कार शेयरिंग या सार्वजनिक परिवहन अपनाएं और जहां संभव हो वर्क फ्रॉम होम को प्राथमिकता दें। नागरिकों को कोयला या लकड़ी से हीटिंग करने से बचना चाहिए।
वर्जन
जिले में जगह-जगह प्रदूषण कम करने पर जोर दिया जा रहा है। प्रदूषण फैला रहे वाहनों के चालान भी किए जा रहे हैं। कई जगह निर्माण कार्य भी रोके गए हैं। जो कुछ जगहें बची हैं, उन्हें भी चिन्हित करके एक्शन लिया जाएगा। संदीप सिंह, आरओ, फरीदाबाद