फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: गुरु पर्व पर सेवा और स्वच्छता का संदेश देंगे श्रद्धालु

विज्ञापन
विज्ञापन
पंज प्यारों की अगुवाई में निकलेगी शोभायात्रा, गतका दल दिखाएगा पारंपरिक युद्ध कला का प्रदर्शन
विज्ञापन


संवाद न्यूज एजेंसी

फरीदाबाद। गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर एनआईटी क्षेत्र में मंगलवार को आस्था, सेवा और भाईचारे का संगम देखने को मिलेगा। प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में सुबह 11 बजे एनआईटी-1 स्थित गुरुद्वारा गुरु श्री सिंह सभा से भव्य नगर कीर्तन निकाला जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

नगर कीर्तन के दौरान जहां पंज प्यारे शोभायात्रा की अगुवाई करेंगे, वहीं गतका दल के युवा पारंपरिक युद्ध कला का प्रदर्शन कर श्रद्धालुओं को आकर्षित करेंगे। इस बार गुरु पर्व पर लंगर सेवा के साथ स्वच्छता व्यवस्था भी विशेष चर्चा का विषय रहेगी। गुरुद्वारों में सेवादार लंगर वितरण के बाद इस्तेमाल की गई प्लेटों को एकत्रित करने और परिसर को साफ रखने की जिम्मेदारी संभालेंगे।
विज्ञापन


नगर कीर्तन एनआईटी-1 से शुरू होकर एनआईटी-2, एनआईटी-3 और एनआईटी-5 मार्केट से होते हुए चार-पांच चौक तक पहुंचेगा। इसके बाद नगर कीर्तन गुरुद्वारा साहिब की ओर प्रस्थान करेगा। रास्ते में श्रद्धालु शबद-कीर्तन करते हुए गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का संदेश देंगे। जगह-जगह संगत के लिए लंगर और जलपान की व्यवस्था भी की जाएगी।

नगर कीर्तन के चलते कई मार्गों पर यातायात रहेगा प्रभावित

नगर कीर्तन में भीड़ और वाहनों की आवाजाही को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं। शोभायात्रा के निर्धारित मार्ग पर यातायात प्रभावित रहने की संभावना है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे इन रास्तों पर जाने से बचें और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। जाम से बचने के लिए घर से निकलने से पहले अपने रास्ते की योजना बना लें। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, नगर कीर्तन सुबह 11 बजे गुरुद्वारा गुरु श्री सिंह सभा से शुरू होगा और निर्धारित मार्ग से होकर गुजरेगा।

स्टील की प्लेटों में लंगर, कचरा एकत्रित करने के लिए तैनात रहेंगे सेवादार

प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारों में लंगर सेवा को व्यवस्थित और स्वच्छ बनाए रखने पर भी जोर दिया जा रहा है। कई गुरुद्वारों में डिस्पोजल के बजाय स्टील की प्लेटों में लंगर परोसा जाता है। भोजन के बाद इन प्लेटों को सेवादार एकत्रित कर साफ करते हैं, ताकि उनका दोबारा इस्तेमाल किया जा सके। जिन स्थानों पर डिस्पोजल प्लेटों का इस्तेमाल होता है, वहां उन्हें खुले में फेंकने के बजाय कूड़ेदान में जमा किया जाता है। बाद में एकत्रित कचरे को नगर निगम के वाहन के माध्यम से भिजवाया जाता है। इस सेवा में महिलाएं, पुरुष, युवा और बच्चे भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं।

गुरुद्वारा गुरु श्री सिंह सभा के प्रधान अमरजीत चावला ने बताया कि प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारों में विशेष दीवान सजेंगे। गुरु ग्रंथ साहिब का पाठ, शबद-कीर्तन और लंगर का आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि नगर कीर्तन में गतका दल भी अपनी कला का प्रदर्शन करेगा।
विज्ञापन


रोशनी से जगमगाए गुरुद्वारे, मंगलवार को विशेष दीवान

प्रकाश पर्व को लेकर शहर के गुरुद्वारों को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। रात के समय रोशनी से जगमगाते गुरुद्वारे श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने रहे। मंगलवार को विशेष दीवान सजाए जाएंगे। संगत परिवार सहित गुरुद्वारों में पहुंचकर मत्था टेकेगी। सेवा, सिमरन और लंगर के माध्यम से गुरु नानक देव जी के प्रेम, समानता और मानवता के संदेश को आगे बढ़ाया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें