फरीदाबाद। देवोत्थान एकादशी और तुलसी विवाह को लेकर शहर की रिहायशी सोसाइटियों में धार्मिक उत्साह देखने को मिल रहा है। पर्व के अवसर पर विभिन्न सोसाइटियों के मंदिरों, क्लब हाउस और सेंट्रल पार्क में सामूहिक तुलसी विवाह आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए आयोजन समितियां पूजा और सजावट की व्यवस्था में जुटी हैं।
ग्रेटर फरीदाबाद की केनवुड टावर्स, अरावली हाइट्स और ओमैक्स द फॉरेस्ट स्पा जैसी सोसाइटियों में होने वाले आयोजनों को लेकर भी तैयारियां जुटाई जा रही हैं। कार्यक्रम के लिए तुलसी के पौधे को चुनरी, फूलों और रोशनी से सजाया जाएगा। साथ ही विवाह मंडप तैयार कर भगवान शालिग्राम और तुलसी माता का विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कराया जाएगा।
आयोजन में सोसाइटी की महिलाएं पारंपरिक परिधानों में शामिल होकर मंगल गीत गाएंगी। इसके अलावा भजन-कीर्तन, सामूहिक आरती और प्रसाद वितरण भी होगा। बच्चों और परिवारों को भी कार्यक्रम में शामिल करने की योजना है। सोसाइटियों में सामूहिक आयोजन के जरिये निवासी एक साथ त्योहार मनाएंगे और धार्मिक परंपराओं से जुड़ेंगे।