फरीदाबाद। एनआईटी पांच एच ब्लॉक में रहने वाले एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की पड़ोसियों ने रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। उन्हें बचाने आए परिवार के दो अन्य सदस्यों को भी चोटें आई हैं। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। वारदात का करण रंजिश बताया जा रहा है। आरोपी, कोर्ट में लंबित एक मामले में गवाही न देने का बुजुर्ग पर दबाव बना रहे थे। बुजुर्ग के मना करने पर आरोपियों ने उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने मृतक के बेटे गौरव तनेजा की शिकायत पर पड़ोसी रोहित, राहुल, लक्ष्मण समेत आठ लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
पीड़ित गौरव तनेजा ने पुलिस को बताया कि उनके पड़ोस में एक कबाड़ी कारोबारी रहता है। करीब तीन साल पहले किसी बात को लेकर उनके परिवार का पड़ोसी से विवाद हो गया था। इस दौरान आरोपियों ने उनकी कार को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया था। घटना में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया। मामला कोर्ट में विचाराधीन है। इसी महीने में उसकी सुनवाई होनी है। शुक्रवार देर रात गौरव के पिता सुधीर कुमार तनेजा (65) परिवार के साथ घर में बैठे थे। तभी हमलावरों ने अचानक उनके घर पर हमला बोल दिया। पीड़ित गौरव व उसके भाई सन्नी ने बताया कि हमलावरों के हाथ में रॉड थे। उन्होंने गमछे में पत्थर भी बांध रखा था। अंदर घुसते ही सभी ने उनके पिता सुधीर पर ताबड़तोड़ हमला करना शुरू कर दिया।
चीख- पुकार सुनकर उनके चाचा दिनेश कुमार तनेजा और गौरव बचाने आए तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोगों एकत्र होते देख हमलावर मौके से फरार हो गए। इस घटना में गौरव, उनके पिता सुधीर कुमार तनेजा, चाचा दिनेश कुमार तनेजा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुधीर कुमार तनेजा को मृत घोषित कर दिया, जबकि दिनेश कुमार तनेजा की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पीड़ित सन्नी तनेजा का कहना है कि हमलावर उनके पिता को गवाही न देने का दबाव बना रहे थे। उनके मना करने पर आरोपियों ने साजिश के तहत मिलकर वारदात को अंजाम दिया। एनआईटी थाना प्रभारी अर्जुन राठी ने बताया कि पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।