उपायुक्त ने जिले की अनाज मंडियों में गेहूं की लिफ्टिंग को लेकर अधिकारियों के साथ की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बृहस्पतिवार को जिला सचिवालय स्थित कार्यालय में जिले की अनाज मंडियों में गेहूं खरीद व उठान को लेकर संबंधित अधिकारियों व आढ़तियों के साथ समीक्षा बैठक की। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने खरीद एजेंसियों द्वारा खरीदे गए अनाज के उठान पर अधिकारियों को निर्देश दिए कि गेहूं उठान के कार्य में तेजी लाते हुए समय अनुसार पूरा करें।
उन्होंने गेहूं की लिफ्टिंग को लेकर अधिकारियों से कहा कि वे ज्यादा से ज्यादा ट्रांसपोर्ट व लेबर लगाकर गेहूं के उठान में तेजी लाएं ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़ें। यदि लेबर व ट्रांसपोर्ट से संबंधित कोई परेशानी है तो यह जिम्मेदारी संबंधित एजेंसियों की बनती है।
इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से खरीद केंद्रों पर चल रही खरीद के बारे में भी जानकारी ली और जरूरी निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम ज्योति, एसडीएम गुरमित सिंह, शुगर मिल एमडी विकास यादव समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
-
उठान धीमा, किसानों का समय पर नहीं हो रहा भुगतान
हथीन। स्थानीय अनाज मंडी में एजेंसियों द्वारा खरीदे गए गेहूं का भुगतान समय पर नहीं दिया जा रहा है। इस कारण किसानों में रोष व्याप्त है। मंडी में उठान की प्रक्रिया भी धीमी है। इस कारण भी किसानों का भुगतान समय पर नही हो पा रहा है। हथीन अनाज मंडी में अब तक कुल आवक तीन लाख 10 हजार 625 क्विंटल गेहूं की हुई है। इसमें से खरीद एजेंसियों ने दो लाख 92 हजार 449 क्विंटल गेहूं की खरीद कर ली है, जिसमें से एक लाख 87 हजार 694 क्विंटल गेहूं का उठान हो चुका है। मार्किट कमेटी के सचिव मनीष ने बताया कि अब तक 74 प्रतिशत गेहूं का उठान हो चुका है। उन्होंने बताया कि उठान के बाद भुगतान की प्रक्रिया शुरू होती है। इसको लेकर बृहस्पतिवार को उपायुक्त ने बैठक कर उठान में तेजी लाने के आदेश दिए हैं। अब उठान की प्रक्रिया तेज हो जाएगी। वहीं, जिन किसानों का भुगतान किन्ही कारणों से अटका हुआ है। उनका भुगतान शीघ्र कराया जाएगा। संवाद
-
समाधान शिविर और सीएम विंडो पर आने वाली शिकायतों की समीक्षा की
पलवल। उपायुक्त ने बृहस्पतिवार को जिला सचिवालय स्थित सभागार में विभागीय अधिकारियों के साथ समाधान शिविर के साथ-साथ सीएम विंडो व जनसंवाद की शिकायतों को लेकर समीक्षा बैठक की। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि सप्ताह में दो दिन लगने वाले समाधान शिविर में सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहकर लोगों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निवारण करवाएं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वह शिकायतों का तय समय में ही निपटारा करवाकर उसे पोर्टल पर भी अवश्य अपडेट करें, ताकि शिकायतें पोर्टल पर लंबित दिखाई नहीं दे। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला, एसडीएम ज्योति व जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार बघेल आदि अधिकारी मौजूद रहे। संवाद