पोर्टल पर लंबित शिकायतों की प्रगति की समीक्षा की गई
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हरियाणा सरकार के मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशभर के उपायुक्तों के साथ समाधान शिविर, सीएम विंडो, एसएमजीटी पोर्टल और जनसंवाद पोर्टल पर लंबित शिकायतों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सभी जिलों में शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और संतोषजनक निपटान सुनिश्चित किया जाए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद उपायुक्त आयुष सिन्हा ने जिला अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक कर सभी माध्यमों पर दर्ज जनशिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने विभागों को चेताया कि पोर्टलों पर दर्ज शिकायतों में लापरवाही या गलत एंट्री न हो, ताकि मुख्यालय स्तर पर शिकायतें री ओपन न हों। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने विभाग से संबंधित शिकायतों की पूरी जानकारी रखें और उनकी प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग करें।
डीसी ने निर्देश दिए कि समाधान शिविर, सीएम विंडो और जनसंवाद पर दर्ज शिकायतों का निवारण प्रभावी, दीर्घकालिक और पारदर्शी तरीके से किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई शिकायत किसी अन्य विभाग से संबंधित हो तो विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि केवल प्रशासनिक या विधिक प्रक्रिया को पूरा करना पर्याप्त नहीं है, शिकायतों के समाधान में मानवीय संवेदनशीलता और व्यावहारिक दृष्टिकोण को भी शामिल किया जाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं इन पोर्टलों पर दर्ज शिकायतों की निगरानी कर रहे हैं और जिला स्तर पर नियमित समीक्षा की जा रही है। ऐसे में अधिकारियों को चाहिए कि शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय सीमा में उनका निस्तारण करें, ताकि आमजन को वास्तविक राहत मिल सके।